न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, पीरपैंती
प्रखंड के ओलापुर पंचायत में श्रम विभाग द्वारा मेगा कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में दिहाड़ी मजदूरों ने भाग लिया। कैंप में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी बृज मोहन तांती की मौजूदगी में श्रमिकों को लेबर कार्ड वितरित किए गए और उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
लेकिन इसी दौरान एक दर्दनाक खबर ने पूरे आयोजन को गमगीन कर दिया। जानकारी के मुताबिक, ओलापुर पंचायत के लगभग 15 श्रमिक हाल ही में एक ढलाई कार्य के लिए बाहर गए थे। कार्य से लौटने के कुछ ही दिनों बाद तीन श्रमिकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जबकि अन्य कई श्रमिक गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी बृज मोहन तांती ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और हर संभव सरकारी मदद देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा,सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। मृतकों के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा और अन्य सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। घायलों के इलाज में भी हर संभव सहयोग किया जा रहा है।

































