न्यूज स्कैन ब्यूरो, बांका
जिले के धोरेयो कुशहा गांव में शुक्रवार को उस वक्त माहौल तनावपूर्ण हो गया जब शराब तस्करी के आरोपियों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। इस हमले में प्रशिक्षु अवर निरीक्षक (PSI) सतेंद्र सिंह और सिपाही अशोक कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। भीड़ ने पुलिस वाहन पर भी पथराव कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। दोनों घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
क्या है पूरा मामला?
18 जुलाई को कुशहा गांव निवासी हेमलाल सोरेन के घर से पुलिस ने छापेमारी कर लगभग 8 लीटर देसी महुआ शराब जब्त की थी। आरोपी मौके से फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए शुक्रवार को जब पुलिस दोबारा गांव पहुंची, तो अचानक ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। शनिवार को आरोपी को जेल भेज दिया गया।
हमले के दौरान क्या हुआ?
जैसे ही पुलिस टीम गांव में दाखिल हुई, ग्रामीणों ने लाठी, डंडे और पत्थरों से हमला शुरू कर दिया। प्रशिक्षु दारोगा और सिपाही को जमकर पीटा गया। साथ ही पुलिस जीप पर पथराव कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया गया। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात को काबू में लिया।
अब तक की पुलिस कार्रवाई
थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि इस घटना में 15 नामजद और 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने शांति मुर्मू और बिजली मुर्मू नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
फैक्ट प्वाइंट
घटना: पुलिस टीम पर हमला
स्थान: कुशहा गांव, बांका
घायल: प्रशिक्षु दारोगा सतेंद्र सिंह और सिपाही अशोक कुमार
आरोप: शराब तस्करी
पुलिस कार्रवाई: 2 गिरफ्तार, 25+ नामजद/अज्ञात पर केस

































