तेज रफ्तार बस ने ANM को रौंदा, पैर में आई गंभीर चोट, मकनपुर चौक पर हादसे के बाद हड़कंप

न्यूज़ स्कैन रिपोर्टर, नवगछिया

शनिवार को नवगछिया के मकनपुर चौक पर दर्दनाक हादसे में नवगछिया पीएचसी में कार्यरत एएनएम तुलसी कुमारी (30 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गईं। वह बैठक के बाद अपने घर भागलपुर लौटने के लिए बीएसआरटीसी की बस पकड़ने चौक पर खड़ी थीं। तभी तेज रफ्तार से आ रही बस (रजिस्ट्रेशन संख्या: BR-10 PB-8908) के पिछले चक्के ने उन्हें रौंद दिया।

हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की तत्परता से घायल एएनएम को तुरंत नवगछिया अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि उनके बाएं पैर में गंभीर चोट आई है।

घटना की जानकारी मिलते ही पीएचसी प्रभारी डॉ. बी. दास अस्पताल पहुंचे और इलाज की व्यवस्था की। फिलहाल तुलसी कुमारी की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

इस घटना से स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों में भारी आक्रोश है। लोगों ने बस चालक की लापरवाही को लेकर नाराज़गी जताई है और प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने बस जब्त कर ली है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।