शौचालय निर्माण को लेकर चली गोली, तीन घायल, आरोपी भाई गिरफ्तार

न्यूज़ स्कैन ब्यूरो, सुपौल

सुपौल जिले के छातापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत माधोपुर गांव में शुक्रवार की रात शौचालय निर्माण को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। वार्ड संख्या 4 में आपसी झगड़े के दौरान एक भाई ने अपने ही दो भाइयों और एक भतीजे पर गोली चला दी, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस ने बताया कि सूचना मिलते ही छातापुर थानाध्यक्ष दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। मामले में घायल हुए लोगों की पहचान सुशील राम, सुनील राम (दोनों पिता-स्व. सुख सागर राम) और गुड्डु राम (पिता- सुनील राम) के रूप में हुई है।

घटना के संबंध में बताया गया कि चंदन राम पिता स्व. सुख सागर राम का अपने बड़े भाइयों सुशील और सुनील से शौचालय निर्माण को लेकर विवाद चल रहा था। इसी क्रम में 25 जुलाई की रात चंदन राम ने फायरिंग कर दी, जिससे तीनों जख्मी हो गए।

तीनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छातापुर में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए सुपौल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी चंदन राम को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है।