न्यूज़ स्कैन ब्यूरो, खगड़िया
खगड़िया जिले के गोगरी बाजार में शुक्रवार की देर रात रुपयों के लेनदेन को लेकर एक युवक को गोली मार दी गई। गोली उसके पैर में लगी है। गंभीर रूप से घायल युवक को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी।
घायल की पहचान गोगरी थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 12 निवासी नंदकिशोर साह के पुत्र आर्यन कुमार के रूप में हुई है। युवक के बयान के अनुसार, उसके पिता आलू के थोक व्यवसायी हैं और उन्होंने गोगरी निवासी धर्म मालाकार को लगभग डेढ़ लाख रुपये का आलू उधार दिया था।
आर्यन का आरोप है कि शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे धर्म मालाकार, उसके भाई विनोद मालाकार और दर्जनों लोगों ने उसके घर पर हमला कर दिया। इसी दौरान उसे गोली मार दी गई, जो उसके पैर में लगी। यह भी खुलासा हुआ है कि कुछ दिन पहले आर्यन के पिता की भी आरोपियों ने पिटाई की थी और उनका हाथ तोड़ दिया था।
घटना की सूचना मिलते ही गोगरी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही हमलावरों की गिरफ्तारी की जाएगी और पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।



























