23 दिन से लापता मां की तलाश में भटक रहा बेटा, एसपी से लगाई गुहार

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, नवगछिया (भागलपुर)

नवगछिया थाना क्षेत्र के राजेन्द्र कॉलोनी निवासी रजनीकांत राय ने अपनी मां कलावती देवी (उम्र 55 वर्ष) के 23 दिनों से लापता होने के मामले में पुलिस जांच में लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।

रजनीकांत राय ने एसपी को दिए गए आवेदन में बताया कि उनकी मां 1 जुलाई की सुबह 10 बजे घर से निकली थीं, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है। परिजनों ने अपने स्तर से खोजबीन की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।

उन्होंने बताया कि इस बाबत 3 जुलाई को नवगछिया टाउन थाना में आवेदन दिया गया, जिसे बाद में 9 जुलाई को फिर से लिखवाया गया। लेकिन जब 11 जुलाई को आवेदन की स्थिति जानने वे थाने पहुंचे, तो बताया गया कि जांचकर्ता सुरेंद्र सिंह इस मामले की जांच कर रहे हैं। आश्वासन मिला कि जल्द कार्रवाई होगी, लेकिन 23 दिन बीत जाने के बावजूद कोई ठोस पहल नहीं हुई।

रजनीकांत का कहना है कि पुलिस ने अब तक सीसीटीवी फुटेज तक खंगालने की जरूरत नहीं समझी, जिससे परिजन बेहद चिंतित और निराश हैं।

उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि जल्द से जल्द उनकी मां की तलाश के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि परिवार को राहत मिल सके।