बाखरपुर से पीरपैंती का संपर्क टूटा, चौखंडी पुल पर चढ़ा बाढ़ का पानी

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

जिले में बाढ़ की स्थिति एक बार फिर गंभीर होती जा रही है। बाखरपुर और पीरपैंती के बीच संपर्क का एकमात्र रास्ता माने जाने वाला चौखंडी पुल शुक्रवार को तीव्र जलस्तर वृद्धि के कारण पूरी तरह से बाढ़ के पानी में डूब गया। इससे लाखों की आबादी का संपर्क पूरी तरह से टूट गया है और क्षेत्र में अस्थायी आवागमन भी ठप हो गया है।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, पिछले वर्ष बाढ़ के दौरान यह पुल क्षतिग्रस्त हो गया था, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बावजूद भी न तो इसका स्थायी मरम्मत किया गया और न ही कोई वैकल्पिक व्यवस्था की गई। लोगों ने खुद से चचरी पुल बना कर किसी तरह पैदल और दोपहिया वाहनों से आवाजाही कर रहे थे।

बाढ़ का पानी घटने के बाद लोग खेतों के बीच से वैकल्पिक रास्ता बनाकर किसी तरह आना-जाना कर रहे थे, लेकिन अब इस रास्ते पर भी करीब 3 फीट पानी भर गया है, जिससे यह मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया है।

प्रशासन और विभागीय उदासीनता को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। उनका कहना है कि बार-बार आग्रह के बावजूद न तो नया पुल बना और न ही अस्थायी संरचना की मजबूती की गई। ऐसे में अब इलाके के लोगों की समस्याएं और भी बढ़ गई हैं। न मरीजों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है, न बच्चों को स्कूल।

ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल नाव की व्यवस्था और स्थायी पुल निर्माण की ठोस योजना लागू करने की मांग की है।