न्यूज स्कैन ब्यूरो, बांका
जिले के बेलहर थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवलोक गांव के रहने वाले 35 वर्षीय साधु यादव की शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वे किसी निजी कार्य से खड़ावंदा की ओर जा रहे थे, तभी उनका वाहन असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान रामप्रसाद यादव के पुत्र साधु यादव के रूप में हुई है। वे पेशे से वाहन चालक थे और परिवार की जीविका का एकमात्र सहारा थे। हादसे की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। पत्नी ललिता देवी और तीन छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। बेलहर थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया।
गांव के लोगों ने बताया कि साधु यादव मिलनसार, मेहनती और जिम्मेदार व्यक्ति थे। उनकी असमय मौत से पूरा गांव शोक में डूबा है। वहीं, पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच में जुट गई है।


























