परबत्ता। परबत्ता प्रखंड अंतर्गत पिपरालतीफ पंचायत के कूढा धार स्थित उमानाथ मंदिर परिसर में 7 दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन शुरू हुआ। इस अवसर पर 100 कुंवारी कन्याओं ने गंगा नदी के अगुवानी घाट में कलश भरा। जहां पंडितों की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सभी ने संकल्प लिया। वहीं श्रीमद्भागवत कथा के कथा वाचक रूप में उत्तर प्रदेश के वृंदावन से श्रीदेव दुवे जी महाराज पहुंचे हैं। ग्रामीणो के अनुसार कथा का उद्देश्य धर्म, भक्ति और समाज में नैतिक मूल्यों की स्थापना करना बताया गया। वहीं कलश शोभा यात्रा बैसा हाईस्कूल के मैदान से आरंभ होकर मड़ैया बाजार तथा शिव मंदिर देवरी होते हुए कथा स्थल तक पहुंची।
जिसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण शामिल हुए। जिन्होंने भक्ति और उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। बता दें कि श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन मड़ैया ग्राम वासियों के सहयोग और सौजन्य से किया जा रहा है। आचार्य राजेश अग्रवाल ने बताया कि कथा के दौरान विविध धार्मिक और सामाजिक संदेश साझा किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कथा वाचन के माध्यम से न केवल धार्मिक अनुशासन की जानकारी मिलेगी, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों की भी वृद्धि होगी।कथा स्थल पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण और अन्य देवी-देवताओं के भव्य रूपों का दर्शन कर भक्ति भाव में लीन होकर धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। कार्यक्रम का समापन विशेष भजन, आरती और प्रसाद वितरण के साथ होगा।































