आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में मुंगेर में तैनात योजना एवं विकास विभाग के कार्यपालक अभियंता नारद कुमार दास के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। भागलपुर, मुजफ्फरपुर, पटना और मुंगेर में 8 अक्टूबर 2026 को पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में एक साथ छापेमारी की गई। इस दौरान लगभग 50 लाख रुपये नकद, भारी मात्रा में आभूषण और जमीनों के अहम कागजात बरामद होने की सूचना है। प्रारंभिक जांच में इंजीनियर के पास उनकी वैध आय से लगभग 64.93 फीसदी (83,53,200 रुपये) अधिक संपत्ति होने का खुलासा हुआ है।

न्यूज स्कैन ब्यूरो, भागलपुर
बिहार के सरकारी महकमे में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की 10 सदस्यीय अलग-अलग टीमों ने योजना एवं विकास विभाग, बिहार सरकार के कार्यपालक अभियंता नारद कुमार दास (पिता- नगीना दास) के ठिकानों पर एक साथ धावा बोल दिया। माननीय विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से तलाशी अधिपत्र (वारंट) प्राप्त करने के बाद यह कार्रवाई की जा रही है।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत FIR दर्ज
EOU द्वारा 8 अक्टूबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, नारद कुमार दास के खिलाफ 7 अक्टूबर 2026 को आर्थिक अपराध इकाई थाना कांड संख्या-28/26 दर्ज किया गया है। यह प्राथमिकी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (यथासंशोधित 2018) की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत दर्ज की गई है। प्रथम दृष्टया साक्ष्यों में पाया गया है कि उनके पास ज्ञात आय के वैध स्रोतों से कुल 83,53,200/- रुपये (तिरासी लाख तिरपन हजार दो सौ रुपये) अधिक की संपत्ति है। यह बेहिसाब संपत्ति उनकी वैध कमाई से लगभग 64.93% अधिक है।
मुजफ्फरपुर से 50 लाख नकद और जेवरात मिले
छापेमारी के दौरान EOU की टीम मुजफ्फरपुर में काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के नया टोला स्थित राधिका अपार्टमेंट के फ्लैट सं0 2F में भी तलाशी ले रही है। इसी फ्लैट से कार्रवाई के दौरान करीब 50 लाख रुपये नकद (कैश), बड़ी मात्रा में आभूषण और निवेश से जुड़े अहम कागजात बरामद होने की बात सामने आई है।
इन 5 ठिकानों पर चल रहा है सघन तलाशी अभियान
पुलिस उपाधीक्षक कोटि के पदाधिकारियों के नेतृत्व में 8 अक्टूबर 2026 की सुबह से निम्नलिखित 5 ठिकानों पर तलाशी की कार्रवाई प्रारंभ की गई है:
हनुमान पथ, तिलकामांझी, भागलपुर (नारद कुमार दास का पैतृक निवास)।
बेलन बाजार बंगाली टोला, थाना-कासिम बाजार, मुंगेर स्थित आवास।
स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन कार्य प्रमण्डल मुंगेर का सरकारी कार्यालय।
फ्लैट सं0 2F, राधिका अपार्टमेंट नया टोला, थाना-काजी मोहम्मदपुर, जिला मुजफ्फरपुर।
कुसुमपुरम मुहल्ला, थाना-रूपसपुर, जिला-पटना स्थित आवास।
भागलपुर स्थित हनुमान पथ आवास पर करीब साढ़े चार घंटे तक EOU की छापेमारी चली, जहाँ जमीन के कई कागजात खंगाले गए और इंजीनियर के भाई से पूछताछ भी की गई।
आगे क्या?
फिलहाल EOU की टीम सभी ठिकानों पर जब्त किए गए दस्तावेजों और संपत्तियों की बारीकी से जांच कर रही है। प्रेस विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया है कि तलाशी की कार्रवाई पूरी तरह संपन्न होने के उपरांत ही बरामदगी की विस्तृत सूचना दी जाएगी।
































