परबत्ता: एप आधारित शिकायत से कार्रवाई, परबत्ता की सड़क मरम्मत शुरू

न्यूज स्कैन ब्यूरो। परबत्ता

परबत्ता नगर पंचायत के वार्ड संख्या 14 में मध्य विद्यालय परबत्ता से जुड़ी सड़क की मरम्मत का कार्य सोमवार से शुरू हो गया। यह सड़क ग्रामीण विकास कार्य विभाग द्वारा बनाई गई थी, लेकिन निर्माण के दौरान जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर वर्ष मानसून में यहां तीन से चार फीट तक जलजमाव हो जाता था। नतीजतन, वाहनों के आवागमन से सड़क हर साल टूट जाती थी।


पिछले वर्ष बारिश के बाद इस सड़क पर करीब दो महीने तक जलजमाव बना रहा, जिससे सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस समस्या के समाधान के लिए नगर पंचायत परबत्ता के वार्ड 14 स्थित सच्चिदानंद द्वारिका फाउंडेशन के अध्यक्ष ने 22 मार्च को ग्रामीण कार्य विभाग के एप “हमारा बिहार हमारी सड़क” के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई।शिकायत दर्ज होने के भीतर ही विभाग की ओर से प्रतिक्रिया मिलनी शुरू हो गई और सोमवार, 27 अप्रैल को सड़क की मरम्मत का कार्य पूरा करा दिया गया। यह शिकायत एप की कार्यप्रणाली के परीक्षण के उद्देश्य से भी दर्ज की गई थी।


मध्य विद्यालय की शिक्षिका भावना कुमारी, पियुष रंजन, जयराम दास, फंटूश कुमार और रजनीश कुमार सहित स्थानीय लोगों ने ग्रामीण विकास विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए अधिकारियों के प्रति आभार जताया। साथ ही, उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे सरकार की इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।