सोन नदी में 24 घंटे तक गर्दन भर पानी में पेड़ पकड़ कर खड़ी रही महिला, ग्रामीणों ने बचाई जान

  • नदी में फंसी शकुंतला देवी को ग्रामीणों ने बचाया, 24 घंटे तक जीवन-मृत्यु से जंग

न्यूज स्कैन ब्यूरो, रोहतास

जिले के अकबरपुर में सोन नदी के टीले पर बीते 24 घंटे से फंसी एक महिला को स्थानीय ग्रामीणों की एक टीम ने सकुशल बाहर निकाल लिया है। बताया जाता है कि वाणसागर और रेहंदम डैम से काफी संख्या में पानी छोड़े जाने से सोन नदी के तटीय इलाकों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई थी, जिसमें दर्जनों परिवार फंसे गये। समय रहते सभी परिवारों को किसी तरह बाहर निकाल लिया गया। लेकिन रसूलपुर पंचायत के नावाडीह गांव निवासी राम प्रवेश राम की पत्नी शकुंतला देवी को स्थानीय युवाओं की एक टीम ने लगभग 24 घंटे बाद सकुशल बाहर निकाला। पीड़ित महिला ने बताया कि बीते 24 घंटे से वह गर्दन भर पानी में किसी पौधे को पकड़कर खड़ी रही। इस दौरान उन्हें जलीय जीवों का भी भय सताता रहा, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। साथ हीं पीड़ित महिला ने गांव के सभी युवकों का आभार व्यक्त किया है।

बता दें कि उक्त महिला अन्य ग्रामीणों के साथ खेती के लिए नदी के मुहाने तक गई थी, लेकिन इस दौरान अचानक पानी काफी बढ़ गया और सभी लोग फंस गए। ग्रामीणों ने ही अपने नाव से सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला तथा बीते 24 घंटे से फंसी एक मात्र महिला को भी काफी खोजबीन के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। बताते चले की इंद्रपुरी बराज में 95000 पानी ऊपरी स्थल स्टॉक में रखा गया है और 91000 पानी निचले स्थल पर है इंद्रपुरी बराज में 69 गेट है जिसमें से 21 गेट को फिलहाल अभी खोला गया है बाढ़ का स्थिति अभी ऐसा नहीं बना है वहीं जिला प्रशासन के द्वारा पहले ही अपील कर दिया गया था सोन नदी के किनारे रहने वाले लोगों को हटाने के लिए ग्रामीण दूसरे स्थान पर चले गए हैं