न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
शहर के ऐतिहासिक लाजपत पार्क के उन्नयन और सौंदर्यीकरण को लेकर अब स्थानीय सामाजिक संगठनों और प्रशासन की पहल से सकारात्मक बदलाव की शुरुआत हो गई है। लाजपत पार्क बचाओ सेवा संघर्ष समिति के संयोजक कमल जायसवाल के नेतृत्व में पार्क की स्थिति सुधारने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य शुरू किए गए हैं।
समिति के संयोजक कमल जायसवाल, गिरीश यादव, अशोक गुप्ता और संजय सिंह के प्रयास से पार्क में टूटे हुए टाइल्स को बदलने की दिशा में पहला कदम उठाया गया है। योग समिति और संस्था के सदस्यों के सहयोग से पार्क के पथ पर लगे टूटे टाइल्स को हटाकर उनकी मरम्मत और नए टाइल्स लगाने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
इस कार्य में वन विभाग के कर्मचारियों की भी सक्रिय भागीदारी देखी जा रही है। वन विभाग के कर्मचारी पप्पू और मनोज कुमार द्वारा पार्क परिसर में साफ-सफाई का कार्य भी शुरू कर दिया गया है, जिससे पार्क की व्यवस्था बेहतर हो सके।
वहीं, स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत पार्क में लंबे समय से बंद पड़े सोलर लाइटों को भी ठीक कराया गया है। स्मार्ट सिटी के कर्मचारी मोहम्मद शकील, अंकित कुमार और कार्यालाल मंडल ने पार्क में खराब सोलर लाइटों को दुरुस्त कर दिया है, जिससे सुबह और शाम टहलने आने वाले लोगों को काफी राहत मिली है।
गौरतलब है कि पार्क में मॉर्निंग वॉक करने वाले लोगों को लंबे समय से टूटे हुए पथ के कारण परेशानी हो रही थी। कई लोगों के पैर में मोच आने की शिकायत भी सामने आई थी। इस समस्या को देखते हुए समिति के संयोजक कमल जायसवाल के साथ संजय सिंह, कुंदन सिंह और अजीत कुमार गुप्ता ने टूटे हुए टाइल्स को बदलने का कार्य शुरू कराया।
समिति के सदस्यों ने बताया कि इन प्रयासों के बाद पार्क की स्थिति पहले की तुलना में काफी बेहतर होती दिखाई दे रही है। आने वाले दिनों में वन प्रमंडल पदाधिकारी के आगमन के बाद पार्क के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए और भी कई योजनाओं पर काम किया जाएगा।































