न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
शहर में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका सनसनीखेज उदाहरण सोमवार को उस समय देखने को मिला जब दिनदहाड़े विक्रमशिला पुल पर बरारी निवासी रंजन कुमार पर बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। हथियारबंद हमलावरों ने न सिर्फ उन्हें घेरकर गाली-गलौज की, बल्कि पिस्टल के बट से सिर पर वार कर लहूलुहान कर दिया और गंगा में फेंक देने तक की धमकी दे डाली।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और शहर की कानून व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले को लेकर बरारी थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 9 मार्च की दोपहर करीब ढाई बजे रंजन कुमार अपने वाहन से नवगछिया की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी विक्रमशिला पुल पर पहुंची, अचानक गाड़ी बंद हो गई। वे वाहन को किनारे लगाकर इंजन देखने लगे। इसी दौरान तीन मोटरसाइकिलों पर सवार करीब छह बदमाश वहां आ धमके।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाश आते ही रंजन कुमार पर टूट पड़े और गाली-गलौज करते हुए धमकाने लगे। हमलावरों ने खुलेआम कहा कि “प्रदीप मंडल और डॉक्टर के खिलाफ केस क्यों किया है, तुरंत केस वापस लो।”
इतना कहते ही एक बदमाश ने कमर से पिस्टल निकाली और उसके बट से रंजन कुमार के सिर पर जोरदार वार कर दिया। वार इतना भीषण था कि उनका सिर फट गया और वे खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़े।
हमलावरों की हैवानियत यहीं नहीं रुकी। बदमाशों ने उन्हें घसीटते हुए गंगा में फेंक देने की धमकी दी और लगातार जान से मारने की धमकियां देते रहे। घायल रंजन के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटने लगे, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए, लेकिन जाते-जाते फिर से जान से मारने की धमकी दे गए।
घटना के बाद साथ मौजूद लोगों ने किसी तरह उनके सिर पर कपड़ा बांधा और उन्हें इलाज व सुरक्षा के लिए बरारी थाना क्षेत्र में लाया।
पीड़ित रंजन कुमार का आरोप है कि यह हमला पुराने हत्या मामले से जुड़े केस को वापस लेने का दबाव बनाने के लिए कराया गया है। उन्होंने बताया कि इससे पहले होलिका दहन के दिन भी कुछ लोग उनके घर पहुंचे थे और गाली-गलौज करते हुए केस वापस लेने की धमकी देकर चले गए थे।
रंजन कुमार ने अपने आवेदन में प्रदीप मंडल समेत कई लोगों पर साजिश रचकर हमला कराने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
दिनदहाड़े पुल जैसे व्यस्त स्थान पर हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब शहर के सबसे व्यस्त पुल पर इस तरह खुलेआम हमला हो सकता है, तो आम लोगों की सुरक्षा का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।
लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि अगर अपराधियों पर लगाम नहीं लगी तो शहर में अपराधियों का मनोबल और बढ़ेगा।































