न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
बिहार की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। जन सुराज अभियान के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उनकी पहले की गई भविष्यवाणी अब सही साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि उन्होंने चुनाव से पहले ही कहा था कि यदि बिहार में एनडीए की सरकार बनेगी तो नीतीश कुमार मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे।
दरअसल, बिहार में मुख्यमंत्री पद से संभावित इस्तीफे और राज्यसभा जाने की चर्चाओं के बीच विपक्ष लगातार नीतीश कुमार पर हमला बोल रहा है। इसी कड़ी में बिहार नवनिर्माण अभियान के तहत शनिवार को प्रशांत किशोर कैमूर जिले के भभुआ पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि चुनाव से पहले ही उन्होंने कहा था कि अगर एनडीए की सरकार बनती है तो नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद पर नहीं रहेंगे और अब वही स्थिति बनती दिख रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर चुनाव में मतदाताओं के बीच पैसे नहीं बांटे जाते तो जदयू 22 सीटें भी नहीं जीत पाती।
प्रशांत किशोर ने तंज कसते हुए कहा कि जिसके पास 202 विधायकों का समर्थन हो, वह बिहार छोड़कर दिल्ली क्यों जाएगा। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार हमेशा परिवारवाद के खिलाफ बोलते रहे हैं, लेकिन अब खुद अपने बेटे निशांत कुमार को राजनीति में उतारकर वही रास्ता अपना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पद छोड़ने की चर्चाओं के साथ ही अपने बेटे को राजनीति में आगे बढ़ाना यह दर्शाता है कि नीतीश कुमार की राजनीति भी अब परिवारवाद से अलग नहीं रही।
प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार की जनता अब बदलाव चाहती है और जन सुराज अभियान का उद्देश्य राज्य में नई राजनीतिक संस्कृति स्थापित करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और गांव-गांव तक अभियान पहुंचाने का आह्वान किया।































