NDA की बिसात : बिहार में ‘कमान’ बदलने की तैयारी और असम-बंगाल के रण में ‘बिहारी’ सूरमाओं की एंट्री

न्यूज स्कैन ब्यूरो, पटना/गुवाहाटी
भारतीय राजनीति के गलियारों में इस समय हलचल तेज है। बिहार की सत्ता के शीर्ष पर बड़े बदलाव की आहट सुनाई दे रही है, तो दूसरी ओर ‘मिशन पूर्वोत्तर’ को फतह करने के लिए एनडीए (NDA) ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। बिहार में एक तरफ जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की भूमिका बदलने की तैयारी पूरी हो चुकी है, वहीं दूसरी तरफ पड़ोसी राज्यों में चुनावी घेराबंदी के लिए बिहार के कद्दावर नेताओं को मोर्चे पर तैनात कर दिया गया है।
एक ओर बिहार की सत्ता में ‘भाजपा युग’ की शुरुआत की तैयारी है, तो दूसरी ओर असम-बंगाल की जमीन तैयार करने के लिए बिहार के नेताओं का अनुभव काम आ रहा है। एनडीए की यह दोहरी रणनीति विपक्ष के लिए एक बड़ी चुनौती पेश कर सकती है।

बिहार में सत्ता का नया समीकरण: नीतीश कुमार का दिल्ली प्रस्थान?
बिहार की राजनीति में दशकों तक केंद्र बिंदु रहे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब राज्य की कमान भाजपा को सौंपकर राज्यसभा जा सकते हैं। राजनीतिक हलकों में यह लगभग तय माना जा रहा है कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री भारतीय जनता पार्टी से होगा। यह बदलाव सिर्फ एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि बिहार की पूरी राजनीतिक व्यवस्था के पुनर्गठन का संकेत है। इस घेराबंदी के जरिए भाजपा बिहार में अपनी जड़ों को और गहरा करने की रणनीति पर काम कर रही है।

पूर्वोत्तर के रण में ‘चिराग’ के सिपाहियों की दस्तक
बिहार में अपनी ताकत साबित करने के बाद, लोजपा (रामविलास) के मुखिया चिराग पासवान ने अब बंगाल और असम की ओर रुख किया है। उनके निर्देश पर खगड़िया के ऊर्जावान सांसद और असम चुनाव प्रभारी राजेश वर्मा अपनी टीम के साथ गुवाहाटी पहुँच चुके हैं। उनके साथ बिहार सरकार के मंत्री और सह-प्रभारी संजय सिंह भी इस दो दिवसीय विशेष दौरे पर हैं।

राजेश वर्मा: असम की चुनावी पिच पर ‘ओपनर’
सांसद राजेश वर्मा की सक्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक महीने के भीतर यह उनकी दूसरी असम यात्रा है। असम में बिहार और हिंदी भाषी क्षेत्रों के मतदाताओं की अच्छी खासी तादाद है, जिसे साधने के लिए राजेश वर्मा जैसे युवा और सक्रिय चेहरे को आगे किया गया है। गुवाहाटी में हो रही यह रणनीतिक बैठकें इस बात का प्रमाण हैं कि एनडीए अब बंगाल और असम में भी बिहार वाला करिश्मा दोहराने के मूड में है।