नीतीश कुमार ने किया बड़ा ऐलान: राज्यसभा जाने की जताई इच्छा, नई सरकार को देंगे मार्गदर्शन

न्यूज स्कैन ब्यूरो, पटना

बिहार की राजनीति में चल रही अटकलों के बीच मुख्यमंत्री Nitish Kumar ने खुद सोशल मीडिया के जरिए बड़ा संकेत दे दिया है। उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स (ट्विटर) अकाउंट पर एक पोस्ट करते हुए स्पष्ट किया कि वे इस बार राज्यसभा का सदस्य बनना चाहते हैं। उनके इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में चल रही चर्चाओं को काफी हद तक विराम मिल गया है।

अपने संदेश में Nitish Kumar ने लिखा कि पिछले दो दशकों से बिहार की जनता ने उन पर भरोसा और समर्थन बनाए रखा, जिसकी बदौलत उन्हें राज्य की सेवा करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि जनता के इसी विश्वास की ताकत से बिहार ने विकास और सम्मान की दिशा में नए आयाम हासिल किए हैं।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि संसदीय जीवन की शुरुआत से ही उनके मन में यह इच्छा थी कि वे बिहार विधानसभा के दोनों सदनों के साथ-साथ संसद के दोनों सदनों के भी सदस्य बनें। इसी क्रम में उन्होंने इस बार राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवार बनने की इच्छा जताई है।

अपने संदेश में उन्होंने यह भरोसा भी दिलाया कि बिहार की जनता के साथ उनका रिश्ता आगे भी बना रहेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य में जो नई सरकार बनेगी, उसे उनका पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलता रहेगा। इस बयान को बिहार की सत्ता संरचना में संभावित बदलाव के संकेत के रूप में भी देखा जा रहा है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि Nitish Kumar के इस सार्वजनिक बयान के बाद अब राज्य की राजनीति में नए समीकरण तेजी से बन सकते हैं। खासकर यह सवाल अहम हो गया है कि अगर वे राज्यसभा जाते हैं तो बिहार की कमान किसके हाथ में जाएगी।

फिलहाल मुख्यमंत्री के इस ट्वीट के बाद यह लगभग साफ हो गया है कि वे सक्रिय रूप से केंद्र की राजनीति में भूमिका निभाने की तैयारी कर रहे हैं, जबकि बिहार में नई नेतृत्व व्यवस्था सामने आ सकती है।