न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
शहर एक बार फिर अपराध की चपेट में नजर आया, जब मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर निगम वार्ड संख्या 39 के पार्षद पति अब्दुल सरवर कुरैशी उर्फ मिंटू के घर पर बम फेंकने की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। खास बात यह रही कि पूरी वारदात का वीडियो अपराधियों ने खुद बनाया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, घटना से पहले लगातार रंगदारी की मांग की जा रही थी। रंगदारी नहीं देने पर हथियार लहराकर जान से मारने की धमकी दी गई थी। दहशत फैलाने के उद्देश्य से अपराधियों ने धमकी और बमबाजी की पूरी घटना को कैमरे में कैद किया।
बताया गया कि 4 फरवरी 2026 की रात अपराधियों ने धमकी को अंजाम देते हुए पार्षद पति के घर पर बम फेंक दिया। तेज धमाके से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और वार्ड संख्या 39 में दहशत का माहौल बन गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए।
घटना के बाद पीड़ित ने मोजाहिदपुर थाना में लिखित आवेदन देकर जानमाल की सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका जताई। आवेदन में उल्लेख किया गया कि आरोपियों से लगातार जान का खतरा बना हुआ था और किसी बड़ी वारदात की आशंका पहले ही जताई गई थी।
वायरल वीडियो सामने आते ही मोजाहिदपुर थाना पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने वीडियो के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गहन जांच जारी है और अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश की जा रही है। फिलहाल एहतियात के तौर पर वार्ड संख्या 39 में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।
वार्ड 39 के पार्षद पति के घर पर बम से हमला, वीडियो वायरल होते ही तीन आरोपी गिरफ्तार


























