बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत राष्ट्रीय बालिका दिवस कार्यक्रम: बालिकाओं के सशक्तिकरण को बताया गया समग्र विकास की आधारशिला

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

महिला एवं बाल विकास निगम, भागलपुर के अंतर्गत संचालित महत्वाकांक्षी योजना बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के तहत गुरुवार को राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राजकीय बालिका इंटर विद्यालय, खरमनचक, भागलपुर परिसर में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला परियोजना प्रबंधक मणि शंकर ने कहा कि बालिकाओं का सशक्तिकरण किसी भी समाज के समग्र विकास की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि बेटियों को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और समान अवसर प्रदान कर ही एक सशक्त समाज एवं राष्ट्र का निर्माण संभव है।
इस अवसर पर फाइनेंस लिटरेसी एक्सपर्ट अभिषेक सुमन ने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने, आत्मविश्वास बढ़ाने तथा सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक रहने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने आर्थिक सशक्तिकरण को महिलाओं की स्वतंत्रता का महत्वपूर्ण आधार बताया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा, बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी जानकारी के साथ-साथ विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। जेंडर स्पेशलिस्ट विवेक कुमार ने बाल विवाह के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए इसके सामाजिक, शारीरिक और मानसिक प्रभावों की विस्तार से चर्चा की तथा इसे समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने बाल विवाह के विरुद्ध शपथ ली। इसके पश्चात विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा पौधारोपण किया गया। छात्राओं को महिला सशक्तिकरण पर आधारित फिल्म दंगल का प्रदर्शन भी कराया गया।
कार्यक्रम का संचालन जिला परियोजना प्रबंधक की निगरानी में किया गया। इस अवसर पर राजकीय बालिका इंटर विद्यालय खरमनचक के शिक्षक अमरनाथ, सुमन प्रसाद, अविनाश कुमार, पूजा, रश्मि कुमारी, प्रीति कुमारी, बंकिमचंद्र सहित सभी छात्राएं उपस्थित रहीं। सभी ने एक स्वर में बेटियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।