एकमा पंचायत में आग लगने से तीन घर जलकर राख, लाखों की संपत्ति नष्ट

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

सदर प्रखंड के एकमा पंचायत के वार्ड 6 में बुधवार की देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। इस अगलगी की घटना में लाल बिहारी महतो एवं चमक लाल महतो, दोनों भाइयों के घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। आग की चपेट में आने से घर में रखा अनाज, गाय, मवेशी, बकरी, साइकिल, कपड़े, बर्तन समेत सभी घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गए। इस घटना में पीड़ित परिवारों को लाखों रुपये की क्षति होने का अनुमान है।
वहीं, पड़ोसी संजीत महतो का घर भी आग की चपेट में आ गया, जिससे उनका आवास भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव लक्ष्मण झा घटनास्थल पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं पदाधिकारियों से वार्ता कर पीड़ित परिवारों को सरकार की ओर से मिलने वाली आपदा राहत राशि का शीघ्र भुगतान कराने की मांग की।
उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार अत्यंत गरीब हैं और इस अगलगी की घटना से उनकी आजीविका पूरी तरह प्रभावित हुई है, इसलिए बिना देरी के मुआवजा राशि का भुगतान किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने अपने स्तर से भी चमक लाल महतो और लाल बिहारी महतो के परिवार को आर्थिक सहयोग प्रदान किया।
घटना के बाद गांव में शोक और भय का माहौल बना हुआ है। प्रशासन से पीड़ितों को शीघ्र राहत दिलाने की मांग की जा रही है।