शहर में अवैध पार्किंग और जाम की समस्या को लेकर अभियान

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

शहर में अवैध पार्किंग व जाम की समस्या को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी सदर इंद्रवीर कुमार के द्वारा अवैध पार्किंग व जाम की समस्या से शहर को निजात दिलाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में सुपौल शहर के मुख्य मार्ग एवं आसपास के मार्गों को चिन्हित करते हुए सड़क पर ही अवैध वाहन पार्किंग के विरुद्ध कार्रवाई की गई तथा जुर्माना लगाते हुए चालान भी काटा गया। इस अवसर पर महावीर चौक, लोहिया चौक, अंबेडकर चौक इत्यादि व्यस्त जगहों पर सड़क पर ही गाड़ी खरी कर देने की प्रकृति वाले व्यक्तियों से चालान काटकर जुर्माना किया गया। इस अभियान में यातायात नियम को तोड़ने वालों पर परिवहन एवं यातायात विभाग के माध्यम से 58 वाहनों से लगभग 93000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस अभियान में अनुमंडल पदाधिकारी के द्वारा आम जनता से अपील किया गया कि किसी भी परिस्थिति में सड़कों पर अपनी वाहन का अवैध पार्किंग ना करें अन्यथा अवैध पार्किंग पाए जाने पर ज्यादा से ज्यादा जुर्माना किया जाएगा। यह अभियान लगातार चलाए जा रहा है और आगे भी चलाया जाता रहेगा। इस अभियान में परिवहन विभाग एवं यातायात विभाग के पदाधिकारी व कर्मी भी उपस्थित थे। महावीर चौक पर यातायात पुलिस के द्वारा काटे जा रहे चालान का भी निरीक्षण अनुमंडल पदाधिकारी के द्वारा किया गया तथा वहां उपस्थित पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों को बताया गया कि महावीर चौक एवं अन्य व्यस्ततम सड़कों पर अवैध पार्किंग तथा यातायात नियमों का पालन नहीं कर रहे गाड़ियों पर ज्यादा से ज्यादा जुर्माना करें ताकि लोग यातायात नियमों का पालन करते हुए वाहन चलाएं। विगत कई दिनों से चलाए जा रहे हैं अभियान के बाद सुपौल शहर में अच्छी प्रगति दिख रही है इसके बावजूद भी कुछ वाहन चालक नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी के द्वारा परिवहन एवं यातायात विभाग के पदाधिकारीयों एवं कर्मियों को निर्देश दिया गया कि वैसे-वैसे वाहन के चालकों को चिन्हित करें जिनपर लगातार जुर्माना लगाया गया है एवं उन वाहन चालकों पर कठोर कार्रवाई करते हुए उनका ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की दिशा में अग्रेतर कार्रवाई करें।