स्वच्छ कैंपस–हरा-भरा कैंपस का आयोजन, छात्रों ने दिया स्वच्छ और हरित भारत का संदेश

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
विश्वविद्यालय के औद्योगिक संबंध एवं कार्मिक प्रबंध विभाग (आईआरपीएम) में शुक्रवार को “स्वच्छ कैंपस–हरा-भरा कैंपस 2026” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विभाग के स्नातकोत्तर सेमेस्टर–1 के सभी छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जागरूकता का परिचय दिया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता और हरियाली से जुड़े प्रभावशाली स्लोगनों का प्रदर्शन कर स्वच्छ एवं हरित भारत का संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत विभागाध्यक्ष प्रोफेसर (डॉ.) निर्मला कुमारी के प्रेरक संदेश से हुई। उन्होंने कहा, “आइए, हम सभी मिलकर एक स्वच्छ और हरित भविष्य की ओर कदम बढ़ाएं।”
इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक प्रोफेसर (डॉ.) रवि प्रकाश यादव ने कहा, “विकसित राष्ट्र की है कल्पना, स्वच्छता को होगा अपनाना।” वहीं, मुकेश कुमार विजेता ने अपने विचार रखते हुए कहा, “जन-जन का है नारा, स्वच्छ हो देश हमारा।” डॉ. देवेंद्र कुमार ने स्वच्छता के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा, “सब मिलकर हाथ बढ़ाएं, अपने भारत को स्वर्ग बनाएं।”
कार्यक्रम के समापन पर संयोजक महादेव कुमार ने अपने संदेश “स्वच्छता से आएगी सुंदरता, हरियाली से आएगी खुशहाली” के साथ धन्यवाद ज्ञापन किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विभाग के छात्र-छात्राओं आयशा, राहुल, रोज़, आशीष, आयुष, गौतम, बादल, सोनू, अंशु लक्ष्मी, मौसम, वर्षा, अंसारी, शाहिना सहित अन्य विद्यार्थियों ने टीम लीडर के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।