ललितग्राम स्टेशन पर वाशिंग पिट निर्माण का रास्ता साफ और ट्रेनों के विस्तार की मांग, सांसद को सौंपा गया ज्ञापन

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

जिले में रेल इंफ्रास्ट्रक्चर को सशक्त बनाने और बेहतर रेल कनेक्टिविटी की मांग को लेकर सुपौल रेल संघर्ष समिति ने सांसद दिलेश्वर कामैत को एक ज्ञापन सौंपा है। समिति के संयोजक पवन अग्रवाल ने जिले की जनता की ओर से सांसद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से सुपौल को पुणे की दैनिक ट्रेन की सौगात मिली और सहरसा–अमृतसर जनसाधारण एक्सप्रेस का स्थायी विस्तार नरपतगंज तक हुआ, जिससे क्षेत्र को बड़ा लाभ मिला है।ज्ञापन में कहा गया कि सुपौल के समग्र विकास के लिए रेलवे से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर और रेल यातायात का सुदृढ़ीकरण अत्यंत आवश्यक है। इसी क्रम में तीन प्रमुख मांगें सांसद के समक्ष रखी गईं।पहली मांग के तहत सुपौल संसदीय क्षेत्र के ललितग्राम स्टेशन पर अत्याधुनिक वाशिंग पिट सहित अन्य परिचालन संबंधी इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण की मांग की गई। बताया गया कि वर्तमान में कई ट्रेनें ललितग्राम से संचालित होती हैं, लेकिन वाशिंग पिट के अभाव में ट्रेनों का प्राथमिक रख रखाव सहरसा में करना पड़ता है। अब वाशिंग पिट बनने से नई ट्रेनों के संचालन का मार्ग खुलेगा। रेलवे की परिचालन क्षमता बढ़ेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। इसके लिए रेलवे के पास ललितग्राम में 70 एकड़ से अधिक खाली भूमि उपलब्ध होने की जानकारी भी दी गई।दूसरी मांग सहरसा–पटना राज्यरानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12567/68) को ललितग्राम तक स्थायी रूप से विस्तारित कर एक ही नंबर से नियमित रूप से ललितग्राम–पटना के बीच चलाने की रखी गई। समिति ने बताया कि बीते कई महीनों से यह ट्रेन स्पेशल (05569/70) के रूप में ललितग्राम तक चल रही है, जिससे सुपौल जिले की बड़ी आबादी लाभान्वित हो रही है।तीसरी मांग सहरसा–नई दिल्ली वैशाली एक्सप्रेस (12553/54) का ललितग्राम तक स्थायी विस्तार करने की है। वर्तमान में यह ट्रेन स्पेशल (05514/13, 05516/15) के रूप में ललितग्राम तक संचालित हो रही है, जिससे दिल्ली के लिए यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिल रही है।सुपौल रेल संघर्ष समिति ने सांसद से इन सभी मांगों पर शीघ्र पहल करने का आग्रह किया है, ताकि जिले के आमजन के साथ-साथ व्यापारी वर्ग को भी बेहतर रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिल सके और क्षेत्र के विकास को नई गति मिल सके।