जिला जनता दरबार में फरियादियों की भीड़, 52 मामलों पर त्वरित कार्रवाई का आदेश

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से शुक्रवार को समाहरणालय परिसर स्थित लहटन चौधरी सभागार में आयोजित जिला जनता दरबार में फरियादियों की भीड़ रही। जनता दरबार की अध्यक्षता प्रभारी डीएम मो तारिक ने की। इस अवसर पर जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए लोगों द्वारा कुल 52 आवेदन दिया गया।
जनता दरबार में भूमि विवाद, आपदा सहायता, पंचायत से जुड़े मामलों, भू-अर्जन, प्रशासनिक कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। प्रभारी डीएम सह अपर समाहर्ता आपदा ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता की समस्याओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक आवेदन का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जाए। साथ ही यह भी निर्देश दिया गया कि मामलों की नियमित समीक्षा कर आवेदकों को प्रगति की जानकारी दी जाए।
जनता दरबार में एडीएम सच्चिदानंद सुमन, सतीश रंजन, भू-अर्जन पदाधिकारी, सतीश रंजन , जिला पंचायत राज पदाधिकारी गयानंद यादव, विशेष कार्य पदाधिकारी, गोपनीय शाखा, विकास कुमार कर्ण सहित अन्य वरीय एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।