न्यूज स्कैन ब्यूरो सुपौल/ छातापुर
जिले के छातापुर थाना क्षेत्र के लालगंज तिलाठी स्थित सरदार टोला में रविवार की रात बीडी देने से मना करने पर एक मसोमात वृद्ध महिला की पीट पीट कर हत्या कर दी गई। गांव के ही नशे में धूत्त दो युवकों ने इस घटना को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया। 65 वर्षीय मृतका मसोमात सुगिया देवी पति स्व जगदेव सरदार है। जो कि दरवाजे पर किराना दुकान कर अपना जीवन यापन करती थी। घटना की सूचना के बाद थानाध्यक्ष प्रमोद झा दलबल के साथ मौके पर पहुंच कर जानकारी ली। शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया
त्रिवेणीगंज एसडीपीओ विभाष कुमार सोमवार को मृतका के घर पहुंचे और घटना के संदर्भ में परिजनों से पुछताछ की। मसोमात महिला की हत्या के बाद गांव में लोगों के बीच भारी आक्रोश बना हुआ है। सोमवार अपराह्न थानाध्यक्ष प्रमोद झा, सहायक थानाध्यक्ष पुअनि संदीप कुमार फोरेंसिक टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे, जहां फोरेंसिक टीम के द्वारा घेरा लगे स्थल से नमूना संग्रहित किया गया। पूछताछ में परिजनों ने बताया कि रात करीब नौ बजे गांव के ही आशीष एवं सौरभ नामक युवक नशे में धूत्त होकर दुकान पर आये, जहां दोनों ने मृतका के पोता सत्यम से बंद दुकान को खोलकर बीडी देने को कहा। जिस पर सत्यम ने बीडी नहीं रहने की बात कह बीडी देने से मना कर दिया। इससे आक्रोशित युवक ने दोनों के साथ मारपीट करने लगे। पोते के साथ मारपीट होता देख अलाव के पास बैठी सुगिया देवी वहां जाकर बीच बचाव करने लगी, इस दौरान नशे में धूत्त दोनों युवकों ने सुगिया देवी को धकेलकर नीचे गिरा दिया और लात घुसों से पिटाई कर दी, जिसके बाद दर्द से कराहती सुगिया देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बताया कि दोनो युवक नशेडी प्रवृत्ति का है और दुकान पर सुगिया देवी के साथ कई बार मारपीट कर चुका है। इधर गैडा नदी किनारे शव के दाह-संस्कार के दौरान मृतका के पुत्र रामकिशोर सरदार की तबीयत अचानक बिगड गई, आनन फानन में परिजन इलाज के लिए उसे अस्पताल ले गये, थानाध्यक्ष प्रमोद झा ने बताया कि घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार है। गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है, पूछताछ के लिए दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।


































