कड़कड़ाती ठंड में नई चेतना का संदेश: डीएम ने क्रिकेट खेलकर किया जीविका कार्यक्रम का उद्घाटन

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
कड़ाके की ठंड के बीच अहले सुबह भभुआ के जगजीवन स्टेडियम में एक अनोखा नज़ारा देखने को मिला, जब कैमूर के जिलाधिकारी नितिन कुमार सिंह ने स्वयं क्रिकेट की बैटिंग कर नई चेतना जीविका कार्यक्रम का उद्घाटन किया। यह आयोजन महिलाओं को जागरूक करने और उन्हें सामाजिक कुरीतियों से बाहर निकालकर आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से किया गया।
जिलाधिकारी के आगमन के साथ ही स्टेडियम में जीविका दीदियों का उत्साह देखते ही बनता था। दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय के बाद टॉस हुआ और फिर डीएम की बैटिंग के साथ मैच की औपचारिक शुरुआत हुई। ठंड के बावजूद जीविका दीदियों की भागीदारी और जोश कार्यक्रम की सफलता का प्रमाण बना।

इस अवसर पर डीएम नितिन कुमार सिंह ने कहा कि देश की आधी आबादी, जो कभी पुरानी कुरीतियों और सामाजिक बंधनों में उलझी हुई थी, आज हर क्षेत्र में आगे बढ़कर अपनी पहचान बना रही है। केंद्र और बिहार सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर लगातार योजनाएं चला रही हैं और नई चेतना जीविका कार्यक्रम उसी कड़ी का एक अहम प्रयास है।
उन्होंने कहा कि खेल जैसे माध्यम के जरिए जागरूकता फैलाने का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें आगे आने के लिए प्रेरित करना है। जीविका के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में जिले भर से आई सैकड़ों जीविका दीदियों ने भाग लिया। साथ ही जीविका विभाग के सभी अधिकारी और जिला प्रशासन के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। कैमूर जिला प्रशासन द्वारा नई चेतना जीविका कार्यक्रम के तहत लगातार ऐसे आयोजन किए जा रहे हैं, ताकि महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाया जा सके।
क्रिकेट मैच केवल एक खेल नहीं, बल्कि महिला जागरूकता और सशक्तिकरण का प्रतीक बनकर सामने आया, जिसने यह संदेश दिया कि आज की महिलाएं हर मैदान में बराबरी से आगे बढ़ रही हैं।