“अब सार्थक के नाम से होगी मेरी पहचान”: बेटे के IPL में चयन पर भावुक हुए सांसद पप्पू यादव, लिखी दिल छू लेने वाली पोस्ट

न्यूज स्कैन ब्यूरो, पूर्णिया/पटना
पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के लिए बेटे की उपलब्धि उनके राजनीतिक जीवन की तमाम जीत से बड़ा साबित हुआ। उनके बेटे सार्थक रंजन का चयन दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग IPL में हो गया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर एक पिता का गर्व सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश के रूप में छलक पड़ा, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।

“पहचान हमारे नाम से थी, अब सार्थक के नाम से होगी”
पप्पू यादव ने सार्थक की सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए लिखा कि एक पिता के रूप में वे शब्दों से परे अभिभूत हैं। उन्होंने अपने बेटे को बधाई देते हुए लिखा—
“बधाई बेटू—जमकर खेलो, अपने हुनर और मेहनत के दम पर अपनी पहचान बनाओ, अपनी चाहत पूरी करो और देश का नाम रोशन करो। आज तक पहचान हमारे नाम से थी, अब सार्थक के नाम से हमारी पहचान बनेगी!”

मेहनत और हुनर का मिला फल
सार्थक रंजन लंबे समय से क्रिकेट के मैदान पर पसीना बहा रहे हैं। दिल्ली के घरेलू क्रिकेट से लेकर अब आईपीएल के मंच तक का उनका सफर उनकी कड़ी मेहनत का प्रमाण है। पप्पू यादव ने हमेशा सार्थक को एक स्वतंत्र पहचान बनाने के लिए प्रेरित किया है और आईपीएल में चयन ने यह साबित कर दिया कि सार्थक ने अपने पिता के नाम के बजाय अपने ‘हुनर’ को अपनी ढाल बनाया।

पूर्णिया और बिहार में खुशी की लहर
सांसद के बेटे की इस उपलब्धि से न केवल पप्पू यादव का परिवार, बल्कि पूरा पूर्णिया और बिहार गौरवान्वित है। सोशल मीडिया पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। खेल प्रेमियों का मानना है कि सार्थक की यह एंट्री बिहार के उभरते क्रिकेटरों के लिए भी एक नई उम्मीद की किरण है।

पिता का सपना, बेटे की उड़ान
राजनीति के अखाड़े में बड़े-बड़े दिग्गजों को चुनौती देने वाले पप्पू यादव ने स्वीकार किया कि एक पिता के लिए सबसे सुखद अहसास वही होता है, जब उसे उसके बच्चों के नाम से पहचाना जाए। उन्होंने सार्थक को आशीर्वाद देते हुए उज्ज्वल भविष्य और देश का नाम रोशन करने की कामना की है।