कैमूर पहाड़ी में प्रतिबंधित सांबर की दो गोली मारकर हत्या, मांस बेचने की थी तैयारी

  • वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, एक तस्कर गिरफ्तार – 5 फरार

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर

कैमूर से बड़ी खबर सामने आई है। अधौरा पहाड़ी के घने जंगलों में वन्यजीव तस्करों ने करीब ढाई सौ किलो (250 किग्रा) वजन वाले प्रतिबंधित सांबर को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। आरोपी इसका मांस काटकर बेचने की तैयारी में थे। इसी दौरान गश्ती पर निकली वन विभाग की टीम ने त्वरित छापेमारी की और मौके से एक तस्कर को हथियार समेत गिरफ्तार कर लिया, जबकि 5 अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटना करर और ताला गांव के बीच स्थित गढ़वा जंगल पहाड़ी की है।
लावारिस बाइक ने खोला राज
कैमूर डीएफओ संजीव रंजन ने बताया कि बीती रात लगभग 1:30 बजे अधौरा पहाड़ी क्षेत्र में गश्ती के दौरान टीम को एक लावारिस बाइक दिखाई दी। संदेह होने पर पुलिस ने खोजबीन शुरू की लेकिन कोई व्यक्ति नहीं मिला।
जब टीम बाइक को थाना ले जाने लगी तभी झाड़ी से एक युवक निकलकर आया और बाइक अपनी बताने लगा। उसी समय आसपास से 5–6 लोगों के भागने की आवाज सुनाई दी।

जंगल के अंदर दिखा मरा हुआ सांबर
वन विभाग की टीम जब गढ़वा जंगल के अंदर पहुंची तो देखा कि एक सांबर मरा पड़ा था। उसे दो गोली मारी गई थी। मौके से बड़ी संख्या में बोरा की थैलियाँ भी मिलीं, जिससे स्पष्ट हुआ कि तस्कर सांबर का मांस काटकर ले जाने की तैयारी में थे।
एक गिरफ्तारी, हथियार और स्कॉर्पियो जब्त
टीम ने मौके से अधौरा गांव निवासी शकील अहमद (पिता – कमरूदीन मिया) को गिरफ्तार किया। छापेमारी में एक धारदार हथियार और एक स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किया गया। फरार तस्करों की तलाश के लिए वन विभाग और पुलिस संयुक्त रूप से अभियान चला रही है।
डीएफओ की सख्त चेतावनी
डीएफओ संजीव रंजन ने कहा—“वन्यजीव भी इस धरती पर हमारे जैसे ही प्राणी हैं। उनकी रक्षा करना हमारी जिम्मेदारी है। यदि कोई तस्कर इस तरह की हरकत करते हुए पकड़ा जाता है, तो उसके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।”
उन्होंने बताया कि ऐसी घटना जिले में पहले भी हो चुकी है, इसलिए तस्करों पर कड़ी निगरानी बढ़ा दी गई है।