अपने ही सरकार के अधिकारियों के कार्य-कलापों पर केएन त्रिपाठी ने उठाया सवाल, बोले- राज्य के ब्यूरोक्रेट्स भ्रष्टाचार को अपना अधिकार मानती है

  • देवघर पहुंचे पूर्व मंत्री ने की बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना

न्यूज स्कैन ब्यूरो, देवघर

पूर्व मंत्री सह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केएन त्रिपाठी शुक्रवार को देवघर पहुंचे और बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। स्थानीय सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने अपने ही सरकार के अधिकारियों के कार्य-कलापों पर सवाल उठाया। केएन त्रिपाठी ने कहा कि राज्य की ब्यूरोक्रेसी हेमंत सरकार को डेमोक्रेटिक सरकार नहीं समझ कर ब्यूरोक्रेटिक सरकार समझ रही है। इस कारण राज्य के ब्यूरोक्रेट्स भ्रष्टाचार को अपना अधिकार मानती है। राज्य के कई जिलों में बीडीओ, सीओ, थाने प्रभारी से लेकर डिप्टी कलेक्टर तक अपनी कमाई करने में लगे हुए है। ऐसे अधिकारियों को रोकना जरूरी है। इनके माइंडसेट को बदलना जरूरी है। सरकार में शामिल हमारे लोगों से बैठ कर बात करेंगे। यह चिंता विषय है और इसे रोकना जरूरी है। क्योंकि आम जनता ऐसे अधिकारियों के कारण शोषित हो रही है।

बिहार में महागठबंधन की सरकार बनेगी

बिहार चुनाव को लेकर केएन त्रिपाठी ने कहा कि वहां एक बड़ा वर्ग महागठबंधन के साथ है और बदलाव चाह रहा है। नीतीश कुमार लंबे अरसे से सीएम है और लोगों को लगता है कि एक ही तरीके से काम हो रहा है। बिहारवासियों को लग रहा है कि महागठबंधन की सरकार आएगी तो विकास की गति भी तेज होगी और काम करने का तरीका भी बदलेगा। इसलिए बिहार के लोग नया नेतृत्व चाह रहे हैं।

चुनाव नहीं लड़ने के कारण पीके नेपत्थ्य में चले गए

प्रशांत किशोर पर त्रिपाठी ने कहा कि पीके का ग्राफ जो उठा था, उनके चुनाव नहीं लड़ने के कारण वह गिरा है। प्रशांत किशोर को चुनाव लड़ना चाहिए था। चुनाव नहीं लड़ने से पीके नेपत्थ्य में चले गए हैं। कुल मिलाकर बिहार में महागठबंधन की अच्छी स्थिति रहेगी। बशर्ते वोट मैनुकुलेशन न हो। मौके पर कांग्रेस जिला मीडिया चैयरमेन बृजभूषण राम समेत कई नेता मौजूद थे।