बाढ़ प्रभावितों के लिए राहत शिविर और सामुदायिक किचन शुरू, एसडीएम ने लिया जायजा


न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
कोसी नदी में आई बाढ़ से तटबंध के भीतर बसे क्षेत्रों में पानी घुस जाने के बाद विस्थापित हुए लोगों के लिए जिला प्रशासन की ओर से राहत शिविर और सामुदायिक रसोई की व्यवस्था की गई है।
सदर अनुमंडल पदाधिकारी इंद्रवीर कुमार ने सोमवार को अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न सामुदायिक रसोई और राहत शिविरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था और चिकित्सा सुविधा की विस्तार से समीक्षा की तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पानी बढ़ने के कारण किशनपुर एवं सरायगढ़ अंचल के आसनपुर कुपहा, परसा माधो, सरायगढ़, लौकहा, डोली, बनानिया सहित कई इलाकों में सामुदायिक रसोई चलाई जा रही है। सुपौल सदर अनुमंडल में दो दर्जन से अधिक सामुदायिक रसोइयों के माध्यम से बाढ़ पीड़ितों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। बच्चों के लिए दूध की भी विशेष व्यवस्था की गई है।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम इंद्रवीर कुमार ने बाढ़ पीड़ितों के साथ बैठकर सामुदायिक रसोई में बना भोजन भी ग्रहण किया और उनसे सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने बताया कि प्रशासन बाढ़ प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अंचल अधिकारी, राजस्व कर्मचारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।