कहलगांव में वोटर लिस्ट से 45 हजार नाम गायब: कांग्रेस ने जताया विरोध

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

कांग्रेस पार्टी ने भागलपुर जिले के कहलगांव विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची से लगभग 45,000 नामों को हटाए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। इस मुद्दे को लेकर पार्टी ने मंगलवार को एक स्थानीय होटल में प्रेस वार्ता आयोजित की, जिसकी अध्यक्षता वरिष्ठ कांग्रेस नेता और संभावित प्रत्याशी मोहम्मद कलाम उद्दीन ने की।

प्रेस वार्ता में बोलते हुए कांग्रेस नेताओं ने इसे लोकतंत्र के खिलाफ एक सुनियोजित साजिश बताया। नेताओं का कहना था कि मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया के नाम पर बड़ी संख्या में वास्तविक वोटरों के नाम सूची से हटा दिए गए हैं, जो जनता के संवैधानिक अधिकारों का खुला उल्लंघन है। उन्होंने निर्वाचन आयोग से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और सभी वास्तविक मतदाताओं के नाम तत्काल प्रभाव से वोटर लिस्ट में जोड़ने की मांग की।

जनता के मुद्दों को लेकर चुनाव में उतरने की घोषणा

प्रेस वार्ता में इंटक जिला अध्यक्ष रवि कुमार ने कहा कि कांग्रेस इस बार चुनाव में जनता से जुड़े बुनियादी मुद्दों को लेकर मैदान में उतरेगी। उन्होंने बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और कहलगांव क्षेत्र में व्याप्त बुनियादी समस्याओं को कांग्रेस का मुख्य एजेंडा बताया।

राजद और कांग्रेस के बीच गठबंधन की एकजुटता

राजद नेता चक्रपाणि हिमांशु ने भी कार्यक्रम में भाग लेते हुए गठबंधन धर्म का निर्वाह किया और कहा कि भाजपा-जदयू की सरकार ने कहलगांव को हमेशा उपेक्षित रखा है। उन्होंने कहा कि वोटर लिस्ट से नाम काटने की यह कार्रवाई लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश है।

मिलकर करेंगे आंदोलन की तैयारी: गौतम बनर्जी

राजद नेता गौतम बनर्जी ने आपनी बातें रखते हुए स्पष्ट किया कि अगर निर्वाचन आयोग ने त्वरित कार्रवाई नहीं की, तो कांग्रेस, राजद और सहयोगी दल सड़क पर उतरकर जन आंदोलन करेंगे।