किशनगंज में तालाब में युवक का शव मिलने से सनसनी, हत्या या हादसा, जांच में जुटी पुलिस

न्यूज स्कैन ब्यूरो, किशनगंज

शहर के बस स्टैंड के पीछे बने एक तालाब में शनिवार को एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पानीबाग वार्ड नंबर 4 निवासी साजिद के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। शव बस स्टैंड ओवर ब्रिज के नीचे तालाब में तैरता हुआ पाया गया। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा है। कुछ लोग इसे हत्या मान रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि साजिद की हत्या कर शव को तालाब में फेंका गया। वहीं, कुछ का मानना है कि यह हादसा हो सकता है और युवक की मौत डूबने से हुई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन मौत का सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा।

नशे के कारोबार से जुड़ाव की आशंका

मिली जानकारी के अनुसार, बस स्टैंड ओवर ब्रिज के नीचे नशीले पदार्थों जैसे स्मैक, शराब और नशीले इंजेक्शन का अवैध कारोबार बड़े पैमाने पर चलता है। कुछ लोगों का अनुमान है कि साजिद की मौत नशे से जुड़े किसी विवाद के कारण हुई हो सकती है। लोगों का कहना है कि नशे की हालत में वह तालाब में डूब गया। इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी है। इलाके में नशे के अवैध कारोबार पर भी सवाल उठ रहे हैं, जिसे लेकर प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ रहा है। मृतक के भाई मोहम्मद महफूज ने बताया कि मेरा भई सब्जी की दुकान में काम करता था मेरा भाई रोजाना बस स्टैंड आकर स्मैक पिता था। वार्ड नंबर 4 के वार्ड पार्षद निशु खान ने हत्या की आशंका जताई है ।