तेजप्रताप का ऐलान: निर्दलीय लड़ेंगे महुआ से चुनाव, 31 जुलाई को करेंगे शक्ति प्रदर्शन

न्यूज़ स्कैन डेस्क, पटना।
राजद से निष्कासित विधायक और लालू यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने अब अपनी राजनीतिक राह अलग करने का ऐलान कर दिया है। तमाम संगठनात्मक विवादों और पारिवारिक खींचतान के बीच तेजप्रताप ने स्पष्ट कर दिया है कि वे आगामी विधानसभा चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में महुआ सीट से चुनाव लड़ेंगे।

तेजप्रताप ने कहा कि वे 31 जुलाई को महुआ में एक सम्मेलन करेंगे, जो उनके समर्थकों की ताकत दिखाने का मंच होगा। उन्होंने कहा, “मैं पहले ही टीम तेजप्रताप का गठन कर चुका हूं और जो भी मेरे साथ आना चाहे, उसका स्वागत है।” हालांकि उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि फिलहाल किसी राजनीतिक दल के गठन का इरादा नहीं है।

गौरतलब है कि तेजप्रताप का पार्टी से निष्कासन और इसके बाद उनकी मुखर प्रतिक्रियाएं लगातार सुर्खियों में रही हैं। हाल ही में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल ने कहा था कि तेजस्वी यादव के सामने तेजप्रताप की कोई हैसियत नहीं है। इसके जवाब में तेजप्रताप ने मंडल को “पागल” बताते हुए उन्हें रांची पागलखाने में इलाज कराने की सलाह दे डाली थी।

तेजप्रताप का यह नया ऐलान न सिर्फ उनके राजनीतिक भविष्य की नई दिशा तय करता है, बल्कि राजद के भीतर भी उठापटक को और तेज कर सकता है। आगामी 31 जुलाई का सम्मेलन, महुआ में उनके जनाधार की परीक्षा भी मानी जा रही है।