सिमराही नगर पंचायत में 9 दिवसीय श्रीराम कथा शुरू

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल/ राघोपुर

प्रखंड क्षेत्र के सिमराही नगर पंचायत वार्ड 2 में नौ दिवसीय श्रीराम कथा एवं दुर्लभ सत्संग का शनिवार को शुभारंभ हुआ। पहले दिन कथा स्थल से भव्य कलश यात्रा श्रीराम शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें लगभग एक हजार महिला-पुरुष राम भक्तों ने भाग लिया।यह शोभायात्रा लगभग एक किलोमीटर लंबी थी। इसमें सैकड़ों महिलाओं ने तेज धूप के बावजूद यज्ञ स्थल से एनएच 27 स्थित 50 पुला नहर तक कलश में जल भरने के लिए पैदल यात्रा की। सभी राम भक्त भगवा वस्त्रों में सजे हुए थे और ‘जय श्री राम’ के जयकारे लगा रहे थे। भगवान श्रीकृष्ण की बांसुरी का रूप भी आकर्षण का केंद्र रहा। शोभायात्रा सिमराही नगर पंचायत के रामनगर वार्ड 2 स्थित यज्ञ स्थल से शुरू हुई। यह हॉस्पिटल रोड, मेन चौक सिमराही, एनएच 27 होते हुए 50 पुला नहर तक पहुंची, जहां कलश में जल भरा गया। इसके बाद यात्रा पुनः यज्ञ स्थल पर आकर संपन्न हुई।
जिस भी रास्ते से यह कलश शोभायात्रा गुजरी, राम भक्तों की भारी भीड़ और ‘जय श्री राम’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया।यज्ञ के मुख्य कथावाचक ऋषिकेश से पधारे ब्रह्मचारी संत श्री हरिदास जी महाराज हैं। उनके द्वारा प्रतिदिन सुबह 5 बजे से 7 बजे तक प्रभातफेरी और दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक श्रीराम कथा का प्रवचन श्रद्धालुओं को सुनाया जाएगा।इस आयोजन को सफल बनाने में संपूर्ण नगर पंचायत वासियों सहित प्रखंड क्षेत्र के लोगों का सहयोग मिल रहा है। इस अवसर पर सहदेव साह, सीताराम पाण्डेय, कपलेश्वर पाण्डेय, दीप नारायण पाण्डेय, झमेली यादव, रामेश्वर यादव, भूपेन्द्र पाण्डेय, चंदशेखर पाण्डेय ,प्रकाश पांडेय, दिलीप पाण्डेय, इन्द्रमोहन पाण्डेय, डॉ. ओ.पी. पाण्डेय, धनश्याम पाण्डेय,संतोष पाण्डेय, प्रदीप पाण्डेय, प्रवीण पाण्डेय,प्रतोष पाण्डेय, सुभाष पाण्डेय सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।