गोपालपुर में जदयू BLA-2 की बैठक आयोजित, विधायक गोपाल मंडल और प्रदेश प्रवक्ता परिमल कुमार रहे मौजूद
नवगछिया
गोपालपुर विधानसभा अंतर्गत जदयू BLA-2 की बैठक शुक्रवार को स्टेशन रोड स्थित आनंद कृष्णा विवाह भवन में आयोजित की गई। यह बैठक प्रदेश स्तर से निर्देशित कार्यक्रम के तहत आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश प्रवक्ता सह BLA-2 कार्यक्रम प्रभारी परिमल कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक की अध्यक्षता जदयू जिला अध्यक्ष त्रिपुरारी कुमार भारती ने की जबकि संचालन अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष अखिलेश सिंह निषाद ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गोपालपुर के विधायक सह जदयू विधानमंडल दल के सचेतक नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल मौजूद थे।
इस अवसर पर परिमल कुमार ने बताया कि आगामी 20 जुलाई तक हर हाल में BLA-2 के फॉर्म जमा करना अनिवार्य है। इसके लिए संबंधित BLA-1 एवं प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में कैंप लगाकर काम को अंतिम रूप देंगे। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि फॉर्म भरने से पूर्व उसकी फोटो अनिवार्य रूप से सुरक्षित रखें और मुख्यालय को फोटो सहित फार्म उपलब्ध कराएं।
वहीं, विधायक गोपाल मंडल ने कहा कि एक भी योग्य मतदाता छूटे नहीं और एक भी फर्जी नाम सूची में रहे नहीं, इस पर विशेष ध्यान देना है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची का पुनरीक्षण एक नियमित प्रक्रिया है और इसमें घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। विपक्ष इस मुद्दे पर अनावश्यक राजनीति कर रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि जदयू पूरी गंभीरता से इस कार्य में जुटी है और सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता एकजुट होकर BLA-2 गठन कार्य को समय से पूरा करें।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष ज्ञानशक सिंह कुशवाहा, गुलशन मंडल, बिहपुर विधानसभा से BLA-2 नविता रानी, जिला 20 सूत्री सदस्य मदन राम, अनीता देवी, चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष डॉ. दीपक साह, प्रखंड अध्यक्ष साकेत बिहारी, कंचन देवी, विभूतिभूषण सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

































