बिहार में विकास की रफ्तार को और तेज करने के लिए राज्य सरकार बड़ा आर्थिक कदम उठाने जा रही है। 30 नवंबर से शुरू हो रहे विधानमंडल के शीतकालीन सत्र में करीब 20 हजार करोड़ रुपये का द्वितीय अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा। इस बजट के जरिए शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास और बुनियादी ढांचे से जुड़ी योजनाओं के लिए अतिरिक्त फंड का इंतजाम किया जाएगा।
न्यूज स्कैन ब्यूरो, पटना
राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के द्वितीय अनुपूरक बजट को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। वित्त विभाग इस पर तेजी से काम कर रहा है। इस बजट में खास तौर पर राज्य के प्रमुख विभागों की झोली भरने की तैयारी है। शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास विभाग को अतिरिक्त राशि मिलने की पूरी संभावना है, जिससे इन क्षेत्रों में चल रही योजनाओं को गति मिलेगी। इसके साथ ही राज्य में इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण कार्यों को भी नया बल मिलेगा।
कोलकाता प्रेस में छपेंगे बजट दस्तावेज
अतिरिक्त फंड के लिए राज्य के अलग-अलग विभागों ने अपनी जरूरतों का ब्योरा और प्रस्ताव सरकार को सौंप दिया है। अब मंत्रिमंडल समन्वय विभाग इन सभी प्रस्तावों को एक साथ संकलित कर अंतिम रूप देगा। इसके बाद यह समेकित प्रस्ताव वित्त विभाग के पास जाएगा, जहां से इसे अंतिम स्वीकृति की प्रक्रिया के लिए तैयार किया जाएगा। विभाग की ओर से बजट के दस्तावेजों को छपाई के लिए कोलकाता स्थित प्रेस भेजने की भी तैयारी चल रही है।
पांच दिनों के सत्र का पूरा कार्यक्रम
बिहार विधानमंडल का शीतकालीन सत्र 30 नवंबर से 4 दिसंबर 2026 तक चलेगा। पांच दिवसीय इस सत्र के दौरान विधानसभा और विधान परिषद की पांच-पांच बैठकें निर्धारित की गई हैं। सत्र का शेड्यूल इस प्रकार रहेगा:
30 नवंबर: सत्र के पहले ही दिन सरकार सदन में द्वितीय अनुपूरक बजट पेश करेगी। यदि कोई सदस्य किसी मांग पर कटौती प्रस्ताव लाना चाहता है, तो उसे 30 नवंबर को दोपहर तीन बजे तक इसकी सूचना देनी होगी।
1 और 2 दिसंबर: इन दो दिनों में राजकीय विधेयकों और अन्य महत्वपूर्ण सरकारी कामकाज का निपटारा किया जाएगा।
3 दिसंबर: वित्तीय वर्ष 2026-27 की द्वितीय अनुपूरक व्यय विवरणी पर सदन में विस्तार से चर्चा होगी। बहस पूरी होने के बाद विनियोग विधेयक पेश किया जाएगा।
4 दिसंबर: शीतकालीन सत्र के आखिरी दिन सदन में गैर सरकारी संकल्प लाए जाएंगे।
































