परबत्ता: जीएन बांध पर आठ माह में दो बार धंसी सड़क, ग्रामीणों ने गुणवत्ता पर उठाए सवाल

न्यूज स्कैन ब्यूरो। परबत्ता

ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा आठ माह पूर्व जीएन बांध पर छह किलोमीटर अररिया गांव और फतेहपुर गांव के बीच सड़क निर्माण कराया गया था। जिसकी प्राक्कलित राशि 3 करोड़ 86 लाख रुपए थी। लेकिन निर्माण के कुछ ही महीनों बाद सड़क कई स्थानों पर धंसने लगी है। आठ माह में दो बार एक ही जगह सड़क धंस गया। बताते चले कि बीते दिसंबर माह में हरिपुर ढाला के समीप जीएन बांध पर बड़ा गड्ढा बन गया है।

गड्ढे के अंदर की जमीन पूरी तरह धंस चुकी है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को खतरा बना हुआ है। खबर प्रकाशित होने के बाद विभाग ने गढ्ढा पर मेटेरियल डालकर दुरूस्त कराया। जबकि मार्च में हल्की बारिश में उक्त स्थल पर पुन: गढ्ढा बन गया।इसबार विभाग ने मिट्टी डालकर गढ्ढे को भर दिया।ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में भारी अनियमितता बरती गई है। उनका कहना है कि संवेदक और विभागीय पदाधिकारियों ने कार्य का सही तरीके से निरीक्षण नहीं किया, जिसके कारण गुणवत्ताविहीन निर्माण हुआ। वहीं विभाग के कनीय अभियंता दिवाकर कुमार ने बताया कि जिस स्थान पर सड़क धंसी है, वहां संभवतः पेड़ की जड़ का हिस्सा रहा होगा, जिसके कारण जमीन बैठ गई। उन्होंने बताया कि बाइपास सड़क निर्माण कार्य चल रहा है।उसी रास्ते से ट्रैक्टर से मिट्टी ढुलाई की जा रही है। गढ्ढे के बारे में जानकारी नहीं मिली है। अगर गढ्ढे में मिट्टी डाला गया तो इसकी जांच की जायेगी।