तिलावे नदी में नहाने गया 10 वर्षीय बालक डूबा, एनडीआरएफ की टीम ने शुरू की तलाश


न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल / पिपरा
पिपरा थाना क्षेत्र के रामनगर पंचायत के वार्ड नंबर 17 में शुक्रवार की दोपहर एक दर्दनाक हादसा हुआ। तिलावे नदी में नहाने गया 10 वर्षीय बालक डूब गया।
मिली जानकारी के अनुसार, रामनगर पंचायत के वार्ड 17 निवासी अनिल मंडल का 10 वर्षीय पुत्र बालकृष्ण कुमार दोपहर में अपने घर के नजदीक स्थित तिलावे नदी में नहाने गया था। स्नान के दौरान नदी की तेज धारा में बहकर वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
करीब दो घंटे बाद जब वह घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। परिजन और ग्रामीण नदी किनारे पहुंचे, लेकिन बालकृष्ण का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद ग्रामीणों ने इस घटना की सूचना पिपरा थाना और अंचलाधिकारी (सीओ) उमा कुमारी को दी।
सूचना मिलते ही पिपरा थाना अध्यक्ष राजेश कुमार झा ने एनडीआरएफ टीम को घटनास्थल पर बुलाया। टीम ने मौके पर पहुंचकर नदी में सर्च अभियान शुरू किया। बताया गया कि एनडीआरएफ की टीम करीब दो घंटे से लगातार तलाश में जुटी हुई है, लेकिन अब तक बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
थाना अध्यक्ष राजेश कुमार झा ने बताया कि “डूबने की जानकारी मिलने पर तुरंत एनडीआरएफ को सूचना दी गई। टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।”
घटना के बाद से पूरे गांव में मातम का माहौल है। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीण लगातार नदी किनारे बच्चे के मिलने की उम्मीद में डटे हुए हैं।