न्यूज स्कैन ब्यूरो । परबत्ता ( खगड़िया)
परबत्ता प्रखंड के सौढ उत्तरी पंचायत में मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बुधवार को प्रखंड व अंचल प्रशासन की ओर से एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें दर्जनों ग्रामीणों ने भाग लिया। शिविर का उद्देश्य पंचायत स्तर पर चल रही सरकारी योजनाओं की समीक्षा करना और लाभ से वंचित लोगों की समस्याओं को सुनना था।शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धावस्था पेंशन, राशन कार्ड, किसान सम्मान निधि, नल-जल योजना आदि से संबंधित अपनी शिकायतें व आवेदन दिए। ग्रामीणों ने बताया कि कई लाभुक अब तक योजनाओं से वंचित हैं, जबकि कई को अनावश्यक कारणों से सूची से बाहर कर दिया गया है।मौके पर बीडीओ संतोष कुमार और अंचल अधिकारी मोना गुप्ता खुद मौजूद थीं। दोनों अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और जल्द समाधान का आश्वासन दिया। शिविर में अन्य कर्मियों ने भी आवेदनों को संकलित कर जांच प्रक्रिया आरंभ की।शिविर के माध्यम से प्रशासन ने मुख्यमंत्री के संभावित दौरे से पहले पंचायत की स्थिति का जायजा लिया।


























