न्यूज स्कैन ब्यूरो, छातापुर (सुपौल)
थाना क्षेत्र के डहरिया पंचायत अंतर्गत कचरा भवन के पास मंगलवार सुबह एक युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृत युवक की पहचान त्रिवेणीगंज प्रखंड के बरहकुरवा निवासी मोहम्मद वासिम (उम्र लगभग 30 वर्ष) के रूप में की गई है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, सुबह टहलने निकले लोगों ने शव को देखा और तुरंत इसकी सूचना गांव के लोगों और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची छातापुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शव पर कुछ चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे यह मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मिल सकेगी।
फोन पर पत्नी से हुई थी आखिरी बात
मृतक वासिम सोमवार की रात अपने घर बरहकुरवा से ससुराल डहरिया आ रहा था। परिजनों ने बताया कि रात करीब 9 बजे उसने पत्नी से फोन पर बात की थी और बताया था कि वह आ रहा है। लेकिन पत्नी ने उसे रात में आने से मना कर दिया। इसके बाद वासिम का कोई पता नहीं चला।
कोई आपसी विवाद नहीं था
परिजनों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच किसी तरह का विवाद नहीं था। वासिम के तीन बेटे और दो बेटियाँ हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार सदमे में है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। शव मिलने की घटना के बाद परिजनों से संपर्क कर उनका बयान लिया जा रहा है। आवेदन मिलने पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

































