बिहार जनगणना : अब रजिस्टर में नहीं, सीधे मोबाइल से दर्ज होगी आपकी जानकारी; जानें घर बैठे फॉर्म भरने का तरीका

न्यूज स्कैन ब्यूरो, पटना

बिहार में जनगणना के पहले चरण को पेपरलेस बनाने की तैयारी पूरी हो चुकी है। अब आपको अपने घर के दरवाजे पर किसी अधिकारी के आने का इंतजार करने या कागज़ी फॉर्म भरने की जरूरत नहीं है। ‘स्व-गणना’ (Self-Enumeration) के जरिए अब हर नागरिक खुद अपनी जिम्मेदारी निभा सकता है।

तारीखें जो आपके काम की हैं
डिजिटल विंडो: 17 अप्रैल से 1 मई के बीच आप कभी भी जानकारी पोर्टल पर डाल सकते हैं।
करेक्शन विंडो: अगर टाइपिंग में कोई चूक हो जाए, तो 2 मई को इसे ठीक किया जा सकेगा।

आम आदमी के लिए 5 मुख्य बातें
कोई कागज नहीं: यह प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल है। आपको न तो कोई फोटोकॉपी देनी है और न ही कोई आईडी कार्ड अपलोड करना है।
आपकी पसंद: यह आप पर निर्भर है कि आप ऑनलाइन फॉर्म भरना चाहते हैं या प्रगणक (Enumerator) के आने का इंतजार करना चाहते हैं।
समय की बचत: ऑनलाइन फॉर्म भरने से घर पर वेरिफिकेशन के वक्त आपका काफी समय बचेगा।
डेटा सिक्योरिटी: आपका विवरण पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा। सरकार ने साफ किया है कि यह जानकारी किसी भी सार्वजनिक प्लेटफॉर्म या RTI के जरिए साझा नहीं की जा सकती।
डिवाइस सुरक्षा: साइबर फ्रॉड से बचने के लिए अपनी जानकारी केवल अपने व्यक्तिगत फोन या कंप्यूटर से ही भरें।

कैसे पूरी करें यह प्रक्रिया?
स्टेप 1: पोर्टल (se.census.gov.in) पर अपने मोबाइल नंबर से रजिस्टर करें।
स्टेप 2: मैप पर अपने निवास स्थान की पहचान करें।
स्टेप 3: परिवार के रहन-सहन और घर से जुड़े 33 बेसिक सवालों के जवाब दें।
स्टेप 4: फॉर्म सबमिट करते ही 16 अंकों का एक यूनिक कोड जनरेट होगा। इसे नोट कर लें।
स्टेप 5: जब जनगणना कर्मचारी आपके घर आए, तो उसे बस यह कोड दिखा दें। वह आपके डेटा को वेरिफाई कर फाइनल सबमिट कर देगा।