न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
भागलपुर के समीक्षा भवन में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में ‘सात निश्चय-2’ एवं ‘सात निश्चय-3’ के अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा निर्धारित लक्ष्यों के विरुद्ध अब तक की उपलब्धियों और शेष कार्यों पर बिंदुवार चर्चा हुई।
सात निश्चय-2 के तहत प्रमुख बिंदु
बैठक में हर खेत सिंचाई का पानी के अंतर्गत चेक डैम निर्माण, कृषि फीडर की स्थापना तथा सिंचाई सुविधाओं के विस्तार की समीक्षा की गई।
ग्रामीण क्षेत्रों में सुलभ संपर्कता के लिए सड़कों की स्थिति, सोलर लाइट स्थापना, पेयजल आपूर्ति, तथा हर घर नल का जल योजना की प्रगति पर विशेष जोर दिया गया।
इसके अतिरिक्त:
मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत वितरित ऋण से उत्पन्न रोजगार की स्थिति
स्वच्छ गांव-समृद्ध गांव अभियान के अंतर्गत कार्य
विद्युत शवदाह गृह का निर्माण
औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना
जिले में मेजर स्किल सेंटर की स्थापना
इन सभी योजनाओं की प्रगति की विभागवार समीक्षा की गई।
सात निश्चय-3 के तहत समीक्षा
‘दोगुना रोजगार–दोगुनी आय’ लक्ष्य के अंतर्गत मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से लाभान्वित महिलाओं द्वारा शुरू किए गए उद्यमों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई।
‘समृद्ध उद्योग–सशक्त बिहार’ के तहत नए औद्योगिक क्षेत्रों की स्थापना एवं दुग्ध उत्पादन की प्रगति की समीक्षा की गई।
‘उन्नत शिक्षा–उज्ज्वल भविष्य’ के अंतर्गत प्रत्येक प्रखंड में आदर्श विद्यालय एवं डिग्री कॉलेज स्थापना की स्थिति पर रिपोर्ट ली गई।
‘सुलभ स्वास्थ्य–सुरक्षित जीवन’ के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं आधारभूत संरचना की प्रगति की समीक्षा की गई।
‘मजबूत आधार–आधुनिक विस्तार’ योजना के तहत ग्रामीण पथ निर्माण एवं खेल मैदानों के विकास कार्यों पर भी चर्चा हुई।
‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ के तहत संचालित योजनाओं की प्रगति की भी जानकारी ली गई।
अधिकारियों को सख्त निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्यों को त्वरित गति से पूर्ण करें। योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, अपर समाहर्ता दिनेश राम, अपर समाहर्ता (विधि व्यवस्था) राकेश रंजन, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) कुंदन कुमार, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।


























