न्यूज स्कैन ब्यूरो, भागलपुर
दक्षिणी क्षेत्र के सिकंदरपुर निवासी उज्ज्वल आनंद ने असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए क्वालिफाई कर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने एनटीए द्वारा आयोजित यूजीसी नेट परीक्षा में सफलता हासिल की है। इस उपलब्धि के बाद परिवार और इलाके में खुशी का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, उज्ज्वल ने 12वीं की पढ़ाई टेक्नो मिशन स्कूल से पूरी की। इसके बाद दिल्ली से स्नातक और स्नातकोत्तर की डिग्री प्राप्त की। वर्तमान में वे दिल्ली में रहकर उच्च प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।
यूजीसी नेट परीक्षा में उज्ज्वल को 92.28 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए हैं, जो उनकी कड़ी मेहनत और लगन का परिणाम है। उनके पिता कौशल किशोर पांडेय ने बताया कि बेटे ने शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीरता दिखाई। वहीं, टेक्नो मिशन के निदेशक अंशु सिंह ने कहा कि उज्ज्वल पढ़ाई में हमेशा तेज रहे हैं और उनकी सफलता से संस्थान व भागलपुर दोनों को गर्व है।
उज्ज्वल की माता प्रियंका पांडेय सामाजिक कार्यकर्ता हैं। बेटे की इस उपलब्धि पर परिजन और शुभचिंतक लगातार बधाई दे रहे हैं। उज्ज्वल की इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत और समर्पण से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए उज्ज्वल आनंद ने किया क्वालिफाई, भागलपुर के टेक्नो मिशन के छात्र रहे हैं


























