सागर के 35 गेंदों पर 91, राजीव के 18 गेंदों पर 58; कमिश्नरी 11 का सिविल कोर्ट 11 पर रनों का कहर

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
जिला स्कूल मैदान पर खेले गए रोमांचक क्रिकेट मुकाबले में कमिश्नरी 11 ने विस्फोटक बल्लेबाजी और धारदार गेंदबाजी के दम पर सिविल कोर्ट 11 को करारी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए कमिश्नरी 11 ने निर्धारित 15 ओवरों में 245 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो इस सीजन में इस मैदान का अब तक का सर्वाधिक स्कोर माना जा रहा है।
कमिश्नरी 11 की पारी की शुरुआत से ही आक्रामक तेवर देखने को मिले। टीम की ओर से सागर कुमार ने तूफानी बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए मात्र 35 गेंदों में 91 रन जड़ दिए। उनकी पारी में 10 छक्के और 6 चौके शामिल रहे। सागर ने मैदान के चारों ओर शॉट्स की बरसात कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
दूसरे छोर पर राजीव कुमार ने भी विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी की। उन्होंने महज 18 गेंदों में 58 रन ठोककर स्कोर को रफ्तार दी। राजीव की पारी में 6 छक्के और 3 चौके शामिल रहे। दोनों बल्लेबाजों की आक्रामक साझेदारी के दम पर टीम 245 रनों के विशाल आंकड़े तक पहुंच सकी।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिविल कोर्ट 11 ने शुरुआत आक्रामक अंदाज में की। शुरुआती चार ओवरों में ही 66 रन जोड़कर टीम ने मुकाबले को रोमांचक बना दिया। आनंद कुमार की तेजतर्रार बल्लेबाजी ने टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई और कुछ समय तक ऐसा लगा कि मुकाबला कड़ा हो सकता है।
हालांकि, इसके बाद कमिश्नरी 11 की सधी हुई गेंदबाजी और चुस्त फील्डिंग ने मैच का रुख पलट दिया। लगातार रन आउट और नियमित अंतराल पर गिरते विकेटों ने सिविल कोर्ट 11 की पारी की कमर तोड़ दी। अंततः पूरी टीम 13.1 ओवरों में 156 रन बनाकर सिमट गई।
इस प्रकार कमिश्नरी 11 ने यह मुकाबला 89 रनों के बड़े अंतर से अपने नाम कर लिया। अपनी विस्फोटक पारी से टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने वाले सागर कुमार को ‘मैन ऑफ द मैच’ घोषित किया गया।