न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
शनिवार को पुलमावा हमले के अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने हेतु 45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल के तत्वावधान में ललित नारायण परिसर में एक प्रेरणादायी रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राष्ट्र के वीर सपूतों की बलिदान को नमन करते हुए मानव सेवा के माध्यम से उनके सर्वोच्च बलिदान को सार्थक स्मरण करना था।
कार्यक्रम के दौरान 45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह के साथ उप कमांडेंट प्रवीण कुमार कौशिक, उप कमांडेंट सुमन सौरभ, निरीक्षक सुधांशु शेखर मिश्रा सहित अन्य अधिकारियों एवं कार्मिकों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। सभी ने बलिदानियों की स्मृति में श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर एसडीएम नीरज कुमार, कैप्टेन दिलीप कुमार, सीएस बाबू साहब झा , डॉ. सुशील, डॉ. रहमान, अविनाश अस्पताल प्रबंधक, नगर पंचायत के मुख्य पार्षद सुशील कुमार ,चंदन तथा ब्लड बैंक की टीम की गरिमामयी उपस्थिति रही। सीमावर्ती क्षेत्र के नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान कर मानवता एवं देशभक्ति का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया।
45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल तथा स्थानीय प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से आयोजित यह रक्तदान शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक उत्तरदायित्व, सेवा भावना एवं राष्ट्रीय एकता का सशक्त संदेश प्रसारित हुआ।
45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल द्वारा समय-समय पर ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है, जिनसे सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक समरसता, जनसेवा एवं मानवता की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।


























