- पेंशन और जमीन विवाद के मामलों पर हुई सुनवाई, दिव्यांग आवेदक भी पहुँचे
न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
7 निश्चय-3 से बढ़ेगा अपना बिहार कार्यक्रम के अंतर्गत ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ (Ease of Living) अभियान के तहत जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आम नागरिकों के आवेदनों पर सुनवाई की।
जनसुनवाई के दौरान लगभग 70 आवेदनों पर विचार किया गया। इनमें मुख्य रूप से लंबित पेंशन, जमीन विवाद तथा अन्य प्रशासनिक मामलों से संबंधित शिकायतें शामिल थीं। एक दिव्यांग आवेदक व्हीलचेयर पर उपस्थित होकर जिलाधिकारी के समक्ष अपनी समस्या रखी, जिस पर त्वरित संज्ञान लिया गया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता (राजस्व), अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), अपर समाहर्ता (विधि-व्यवस्था) सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही प्रखंड, अंचल एवं थाना स्तर पर भी संबंधित अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यालयों में ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ अभियान के तहत आमजन की शिकायतों की सुनवाई की।
प्राप्त शिकायतों का विधिवत पंजीकरण किया गया तथा आवेदकों को प्राप्ति रसीद उपलब्ध कराई गई। प्रशासन की ओर से आवेदकों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, शुद्ध पेयजल एवं शौचालय की सुविधा भी सुनिश्चित की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके और शासन की योजनाओं का लाभ उन्हें प्रभावी ढंग से प्राप्त हो।


























