कैमूर में आपसी रंजिश में दो भाइयों पर हमला: गंभीर रूप से घायल युवक की वाराणसी में इलाज के दौरान मौत, आठ नामजद

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
कैमूर जिला के रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत तेनुआ गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो भाइयों पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान वाराणसी में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
मृतक की पहचान सुखदेव प्रसाद के रूप में हुई है। बताया जाता है कि गुरुवार की सुबह वह अपने भाई सूरज कुमार के साथ टहलने निकले थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए कुछ लोगों ने दोनों भाइयों पर लाठी-डंडे एवं धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में सुखदेव प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके भाई को भी चोटें आईं।
घटना के बाद परिजनों ने घायल सुखदेव प्रसाद को तत्काल रामगढ़ अस्पताल पहुंचाया। वहां से हालत गंभीर देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल भभुआ रेफर किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए वाराणसी स्थित ट्रॉमा सेंटर भेज दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक के भाई सूरज कुमार ने स्थानीय थाने में आठ लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। इस संबंध में रामगढ़ थाना अध्यक्ष हरिप्रसाद शर्मा ने बताया कि पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट की घटना हुई थी, जिसमें घायल युवक की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस एहतियातन क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए है।