पुलिस-जन संवाद में उठे सीसीटीवी, ट्रैफिक और जाम के मुद्दे: 6 नंबर प्लेटफार्म गेट के पास कैमरा व लाइट लगाने की मांग

न्यूज स्कैन ब्यूरो, भागलपुर
बिहार पुलिस के जन संवाद कार्यक्रम के तहत मोजाहिदपुर थाना परिसर में संवाद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शैलेंद्र कुमार, पुलिस अधीक्षक (नगर), भागलपुर ने की। संवाद में थाना क्षेत्र के बड़ी संख्या में नागरिकों, शांति समिति के सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया और स्थानीय समस्याओं को विस्तार से रखा।
संवाद के दौरान नागरिकों ने शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने, ट्रैफिक व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा जाम की समस्या के स्थायी समाधान की मांग उठाई। विशेष रूप से रेलवे के 6 नंबर प्लेटफार्म के गेट के समीप सीसीटीवी कैमरा एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था (लाइट) लगाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी देवेंद्र यादव एवं रणजीत यादव सहित जिला शांति समिति के सदस्य महबूब आलम, प्रो. एजाज अली, रोज मोहम्मद, अनवर खान, गोविंद अग्रवाल, सत्यनारायण शाह, मोहम्मद हाजी इम्तियाज, संजय हरि, मोहम्मद कैसर बाग, जदयू के वरिष्ठ नेता सुद्दू साईं, मोहम्मद बदरुद्दीन, मोहम्मद मिंटू कुरैशी, चंदन कुशवाहा समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
पुलिस अधीक्षक (नगर) ने उपस्थित लोगों को आश्वस्त किया कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस और आम नागरिकों के बीच संवाद से ही बेहतर कानून-व्यवस्था कायम की जा सकती है।
कार्यक्रम के अंत में शांति समिति के सदस्यों एवं स्थानीय नागरिकों ने पुलिस अधीक्षक (नगर) को बुके एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा संवाद कार्यक्रम के आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया। मौके पर मोजाहिदपुर थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं क्षेत्र के शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।