छातापुर में बाइक असंतुलित होकर गिरा,एक युवक की मौत,दो घायल

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल / छातापुर

जिले के छातापुर थाना क्षेत्र के परियाही के समीप रानीपट्टी नहर सड़क पर शुक्रवार दोपहर सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो अन्य सवार गंभीर रूप से जख्मी हो गए। एक अचेत सहित तीनों ही जख्मियों को सीएचसी छातापुर लाया गया। चिकित्सक सुश्मिता अर्चना ने एक को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य दो युवक को गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया। मृतक युवक मुख्यालय स्थित हाईस्कूल चौक निवासी राजु मुखिया का पुत्र 21 वर्षीय रवींद्र कुमार बताया जा रहा है। जबकि जख्मियों में परियाही निवासी फुलदेव मुखिया के पुत्र नीतीश कुमार तथा शिबु मुखिया का पुत्र 22 वर्षीय दीपक कुमार बताया गया। अस्पताल में मौजूद परिजनों ने बताया कि बाइक सवार तीनों युवक परियाही से भोजन लेकर मुख्यालय स्थित एक हाॅस्पीटल आ रहा था। हाॅस्पीटल में दो महिला रिश्तेदार इलाज के लिए भर्ती है, परियाही में रानीपट्टी नहर पर डीपो के समीप तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गया। इधर मृतक व जख्मी के घर परिजनों में कोहराम मचा है और सभी का रो रोकर बुरा हाल बना हुआ है। मृतक के परिजनों ने बताया कि रवींद्र परियाही स्थित अपने ननिहाल गया था, वहां से एक निजी अस्पताल में भर्ती मामी के लिए खाना लेकर आ रहा था। थानाध्यक्ष प्रमोद झा ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। वहीं दोनों जख्मी को उपचार के लिए बाहर ले जाया गया है, पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।