न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
माननीय मुख्य न्यायाधीश, पटना उच्च न्यायालय, श्री संगम कुमार साहू ने मंगलवार को भागलपुर जिले के कहलगांव व्यवहार न्यायालय में नवनिर्मित एमेनिटी बिल्डिंग और हाजत भवन का उद्घाटन किया। इसके साथ ही व्यवहार न्यायालय भागलपुर, कहलगांव एवं नवगछिया में स्थापित कुल 9 ई-सेवा केंद्रों का ऑनलाइन उद्घाटन भी किया गया।
इस अवसर पर पटना उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति राजीव रंजन प्रसाद, न्यायाधीश सह भागलपुर के इंस्पेक्टिंग जज न्यायमूर्ति सुनील दत्त मिश्रा, न्यायमूर्ति पार्थ सारथी (रोहतास), न्यायमूर्ति डॉ. अंशुमान (जमुई), न्यायमूर्ति सौरेन्द्र पांडे (शेखपुरा), न्यायमूर्ति रितेश कुमार (बांका), न्यायमूर्ति अंशुल (शिवहर) सहित पटना उच्च न्यायालय के अन्य न्यायाधीशगण एवं रजिस्ट्रार जनरल उपस्थित रहे।
कहलगांव में आयोजित कार्यक्रम में भागलपुर के माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश धर्मेंद्र कुमार सिंह, जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, नगर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह के साथ-साथ भागलपुर व्यवहार न्यायालय के प्रथम एवं द्वितीय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश भी मौजूद थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि इन भवनों के निर्माण से व्यवहार न्यायालयों की आधारभूत संरचना को मजबूती मिली है। इससे न केवल आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि न्यायालयों के प्रति जनता का विश्वास भी बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि ई-सेवा केंद्रों के माध्यम से न्यायिक प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी, समयबद्ध न्याय सुनिश्चित होगा और सभी वर्गों की न्याय तक पहुंच सुदृढ़ होगी।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, भागलपुर ने अपने संबोधन में इन भवनों और ई-सेवा केंद्रों को भागलपुर न्यायमंडल में वादियों के लिए न्याय तक सुगम पहुंच का सशक्त माध्यम बताया और उनकी उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
व्यवहार न्यायालय कहलगांव में एमेनिटी बिल्डिंग व हाजत भवन का उद्घाटन: भागलपुर, कहलगांव और नवगछिया में 9 ई-सेवा केंद्र शुरू

























